संपादक विक्रम सिंह
ताऊ देवी लाल पार्क में बनेगा उच्च स्तरीय शौचालय और ट्रैक:विश्राम कुमार मीणा
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने ताऊ देवीलाल पार्क पिपली व ओपी जिंदल पार्क का किया निरीक्षण, नागरिकों को उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए विभिन्न साइट का किया अवलोकन,स्कूलों का भी लिया जायजा
कुरुक्षेत्र, 13 मार्च। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि ताऊ देवी लाल पार्क पिपली में नागरिकों की सुविधा के लिए एक और उच्च स्तरीय शौचालय का निर्माण किया जाएगा। इस पार्क में नागरिकों के लिए शहर करने तथा दौड़ लगाने के लिए आधुनिक ट्रैक का भी निर्माण किया जाएगा। इतना ही नहीं जरूरत के अनुसार पार्क में विकास कार्य भी करवाएं जाएंगे। अहम पहलू यह है कि उपायुक्त ने मौके पर ही विभागीय अधिकारियों जल्द से जल्द विकास कार्य करने के निर्देश भी दिए है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा शुक्रवार को पिपली ताऊ देवी लाल पार्क में विशेष बातचीत कर रहे थे। इससे पहले उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने ओपी जिंदल पार्क का निरीक्षण किया। यहां पर नागरिकों की सुविधा के अनुसार व्यवस्था ठीक पाई गई। इसके बाद उपायुक्त ने रेलवे रोड पर राजकीय प्राथमिक पाठशाला के साथ अन्य स्कूलों का अवलोकन किया और स्कूल के प्रधानाचार्य से विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाएं और शिक्षा की गुणवत्ता के बारे में फीडबैक ली। यहां पर जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक ने शहर में 2 शिफ्टों में चल रहे गल्र्स स्कूल का विषय उपायुक्त के समक्ष रखा। इसके साथ ही उपायुक्त ने शहर की अन्य साइट का भी दौरा किया।
उपायुक्त ने दोपहर के समय ताऊ देवी लाल पार्क का निरीक्षण किया और नागरिकों से देवी लाल पार्क में सुविधाओं के बारे में फीडबैक ली और पूरे ट्रैक का निरीक्षण किया तथा अन्य विकास कार्यों का जायजा भी लिया। उपायुक्त ने कहा कि ताऊ देवी लाल पार्क में ट्रैक टूटा हुआ है और नागरिकों की सुविधा के अनुसार एक और शौचालय की जरूरत है। इस जरूरत के अनुसार पिपली पार्क में जल्द ही ट्रैक का निर्माण किया जाएगा। यह ट्रैक आधुनिक तकनीकी से बनाने का प्रयास किया जाएगा ताकि लोगों को दौड़ लगाने और शहर करने में किसी प्रकार की कोई दिक्कत ना हो।
उन्होंने नगरपरिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पिपली पार्क के दूसरे प्रवेश द्वार के पास ही शौचालय का निर्माण किया जाए ताकि लोगों को शौचालय की सुविधा मिल सके। इसके साथ ही पार्क के सौन्दर्यीकरण, रखरखाव और प्लांटेशन करवाने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस पार्क को विकसित करने के लिए जल्द ही नगर परिषद और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की एक बैठक बुलाई जाएगी ताकि योजना तैयार करके विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाया जा सके। इस मौके पर जिला सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी डा. नरेन्द्र सिंह, नगर परिषद ईओ राजेश कुमार, नप के अधिकारी रवि खरबंदा आदि उपस्थित थे।














