संपादक विक्रम सिंह
खाद्य आपूर्ति विभाग ने 404, हैफेड ने 203 खरीदी एमटी गेहूं, किसानों को मिल रहा है 2585 प्रति क्विंटल भाव, उठान कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर होगी कार्रवाई
कुरुक्षेत्र, 5 अप्रैल। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि कुरुक्षेत्र के खरीद केन्द्रों व मंडियों मेंं गेहूं की खरीद का कार्य खाद्य आपूर्ति, हैफेड तथा हरियाणा वेयर हाउस एजेंसी द्वारा शुरू कर दिया गया है। इन तीनों एजेंसियों ने 4 अप्रैल को देर सायं तक 607 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद का कार्य पूरा कर लिया है। इस सीजन में गेहूं का 2585 रुपए प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जा रहा है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि कुरुक्षेत्र में गेहूं की खरीद करने के लिए 25 खरीद केन्द्र व मंडिया स्थापित की गई है। इन मंडियों से खाद्य आपूर्ति, हैफेड, एफसीआई और हरियाणा वेयर हाउस कार्पोरेशन की तरफ गेहूं की खरीद का कार्य किया जा रहा है। इस सीजन में खाद्य आपूर्ति एजेंसी द्वारा बाबैन मंडी में 127 एमटी, लाडवा मंडी से 195 एमटी, पिपली मंडी से 26 एमटी, शाहबाद से 245 एमटी, ठोल मंडी से 15 एमटी गेहूं खरीद गया है। इसके अलावा हैफेड द्वारा लाडवा में 70 एमटी व शाहबाद में 107 एमटी गेहूं व पिपली में 26 एमटी गेहूं खरीद कार्य किया गया है।
उन्होंने कहा कि इस सीजन में अधिकारियों को विशेष हिदायत दी गई है कि उठान कार्य पर विशेष फोकस रखा जाए ताकि व्यापारियों और किसानों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत ना आए। उन्होंने कहा कि मंडी परिसर में किसानों की सुविधा के लिए पर्याप्त बिजली, पानी, सफाई व्यवस्था व अन्य मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखने के आदेश सम्बंधित अधिकारियों को दिए है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए व्यवस्था और प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। ऐसे में किसान सहभागी बनते हुए खरीद कार्य में अपना योगदान दें। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी गेहूं की फसल को अच्छी तरह से सुखाकर एवं साफ करके मंडी में लाएं।
















