संवाददाता अदिति पासी
डीग गांव में सोमवार से स्कूल में एक और प्राइमरी अध्यापक की लगाई जाएगी ड्यूटी, पंचायती जमीन पर युवाओं के लिए मिलेगी जगह,डीग गांव में एचपीवी टीकाकरण के लिए लगाएंगे शिविर, रात्रि ठहराव कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने लगाए कैंप,सामुदायिक केंद्र का निर्माण पूरा करने के लिए पांच लाख रुपए की दी जाएगी ग्रांट,रात्रि ठहराव कार्यक्रम में करीब 50 शिकायतें पहुंची, अधिकतर का मौके पर ही किया निपटान,डीग गांव में 4 ग्रामीणों ने लगवाए सोलर सिस्टम, ग्रामीण बोले-15 दिन में मिली सबसिडी,पीएम आवास योजना के लिए पहले फेज में जिला के 39 गांव शामिल
शाहाबाद, । उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि अगर ग्राम पंचायत 2 से 3 एकड़ जमीन उपलब्ध करवा देगी तो युवाओं के लिए खेल प्रांगण की सौगात दी जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गांव में सामुदायिक केन्द्र के लिए घोषित की गई अनुदान राशि जल्द ही ग्राम पंचायत को उपलब्ध करवा दी जाएगी और जल्द ही सामुदायिक केन्द्र का निर्माण शुरू किया जाएगा। इतना ही नहीं रात्रि प्रवास में ग्रामीणों की मांग को पूरा करते कहा कि सोमवार से प्राइमरी स्कूल डीग में एक ओर टीचर की डयूटी लगाई जाएगी, इससे बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होगी। अभी तक डीग गांव के प्राइमरी स्कूल में 66 बच्चों को पढ़ाने के लिए केवल एक ही टीचर था। ग्रामीण की इस समस्या को पूरा करते हुए उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को सोमवार से एक ओर टीचर को गांव भेजने के निर्देश दिए।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा गांव डीग के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याओं और शिकायतों को सुन रहे थे। रात्रि ठहराव कार्यक्रम में करीब 50 शिकायतें पहुंची, इनमें से 20 शिकायतें पेंशन और परिवार पहचान पत्र तथा 15 शिकायतें प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना से सम्बन्धित थी। इनमें से अधिकतर का मौके पर ही निपटारा किया गया। इससे पहले गांव डीग में पहुंचने पर उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा का सरपंच नेहा देवी ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। उपायुक्त ने विभिन्न विभाग के लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और योजनाओं के बारे में जानकारी हासिल की। रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान बिजली तारें बदलवाने, बिल ठीक करवाने, पीएम आवास योजना का लाभ लेने, परिवार पहचान पत्र की त्रुटियां ठीक करवाने, पेंशन लगवाने, गली व रास्तों का निर्माण करवाने के संबंध में ज्यादा शिकायतें प्राप्त हुई।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने खेल ग्राउंड की मांग को पूरा करने का आश्वासन देते हुए कहा कि पंचायत की जमीन पर युवाओं के खेलने, ग्रामीणों के सैर करने की व्यवस्था की जाएगी। इस खेल मैदान को पंचायत के सहयोग से पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही गांव के सामुदायिक केंद्र के निर्माण को पूरा करवाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा मंजूर की गई 5 लाख की ग्रांट से पूरा करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेश पर प्रत्येक माह एक गांव में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्राह करते हुए कहा कि जो नागरिक किसी कारण से आज के रात्रि ठहराव कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाए हैं, वो किसी भी सोमवार व वीरवार को एसडीएम कार्यालय व डीसी कार्यालय में पहुंचकर समाधान शिविर में अपनी शिकायतों का समाधान करवा सकते हैं। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने सभी अधिकारियों को अपने विभाग से संबंधी शिकायतों की 3 दिन में एटीआर बनाकर भेजने के निर्देश दिए।
इस मौके पर एसडीएम अनिल कुमार दून, जिला परिषद के सीईओ शंभू राठी, डीएसपी रामकुमार, सरपंच नेहा देवी, एक्सईएन मुनीष बब्बर, एसडीओ पंचायती राज ईशान कपूर, एसएचओ जगदीश टामक, सरपंच प्रतिनिधि सुमित कुमार, एसडीओ पब्लिक हेल्थ विनोद कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
रात्रि ठहराव कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने लगाए कैंप
रात्रि ठहराव कार्यक्रम में बैंक, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, पशुपालन विभाग, शिक्षा विभाग, जिला समाज कल्याण विभाग, विकास एवं पंचायत विभाग, क्रीड, खाद्य आपूर्ति विभाग, यूएचबीवीएन, एसडीएम कार्यालय, वन विभाग ने शिविर लगाकर ग्रामीणों को अपने-अपने विभाग की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही योजनाओं का लाभ लेने के लिए मौके पर ही ग्रामीणों के आवेदन भी करवाएं गए।
डीग गांव में एचपीवी टीकाकरण के लिए लगाएंगे शिविर
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने सरपंच नेहा देवी को कहा कि सरकार ने महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर को रोकने के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया हुआ है। इसकी शुरूआत लाडवा विधानसभा से ही की गई है। इस अभियान के तहत 14 वर्ष से ऊपर और 15 वर्ष पूरे होने से पहले युवतियों को एचपीवी का टीका लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाजार में इस टीके की कीमत कई हजार रुपए है और सरकार इस टीका का अभियान चलाकर फ्री में लगा रही है। अन्य देशों ने पहले ही इसको शुरू किया हुआ है। ऐसे में सरकार के इस अभियान को सफल बनाने के लिए सरपंच गांव में एक शिविर का आयोजन कर पात्रों को टीकाकरण करवाएं।
डीग गांव में 4 ग्रामीणों ने लगवाए सोलर सिस्टम, ग्रामीण बोले-15 दिन में मिली सब्सिडी
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि सरकार द्वारा सोलर सिस्टम लगवाने पर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सब्सिडी मुहैया करवा रही है। दो किलोवाट तक का सोलर के लिए कोई भी पैसा देने की जरुरत नहीं पड़ती है। जो प्रदेश सरकार की योजना में शामिल नहीं हैं, उन्हें तीन किलोवाट पर 78 हजार रुपए की सब्सिडी दी जा रही है। गांव डीग से 10 आवेदन हुए हैं, इनमें से 4 घरों पर सोलर सैट लग चुके हैं, जबकि 6 आवेदनों की फाइल प्रोसेस में है।
ग्रामीण एडवोकेट मुकेश शर्मा ने बताया कि उसने सरकार की प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर सैट लगवाया है। सोलर सैट लगने के बाद पिछले चार महीनों से उसके घर पर आने वाला करीब 5 हजार से ज्यादा का बिल शून्य आने लगा है और सरकार ने 15 दिनों में ही उसकी सब्सिडी के पैसे भी उसके खाते में भेज दिए थे।
पीएम आवास योजना के लिए पहले फेज में जिला के 39 गांव शामिल
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि सरकार ने पहले फेज में 900 गांव में जरूरतमंदों को रहने के लिए जगह उपलब्ध करवाने के लिए चयनित किया है। इसमें जिला कुरुक्षेत्र के 39 गांवों को शामिल किया गया है। बचे हुए गांवों को भविष्य की योजना के तहत शामिल किया जाएगा। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा के सामने बिजली विभाग के संबंध में ग्रामीण देवी शरण, जसमिंद्र सिंह, कमलेश, रमेश ने शिकायत देकर समाधान की गुहार लगाई। इसी तरह परिवार पहचान पत्र में विभिन्न त्रुटियां को ठीक करवाने के लिए रविना कौशिक, निर्मला, रजत कुमार, पेंशन लगवाने के लिए केला देवी, निर्मला देवी, हरबंस कौर, ज्ञानो देवी, शिमला, रविंद्र कौर, संतोष, विक्रम सिंह लिखित में शिकायत दी। पीएम आवास का लाभ प्राप्त करने के लिए सतीश, सुनीता, जोगिंद्रो, संदीप कुमार, सलोचना, महक रानी और दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के लिए मंजू, अनुराधा, राज रानी ने लिखित में समस्याएं बताई। इसके अलावा गली का निर्माण के लिए अनिल कुमार, सूरज, अजय कुमार, ओवरफ्लो तालाब की समस्या के समाधान के लिए सुरेंद्र कुमार, भूमि की तकसीम करवाने के लिए रामपाल और नाले की सफ़ाई के लिए विपिन, प्रदीप ने समस्या जाहिर की।













