संपादक विक्रम सिंह
कुरूक्षेत्र, 26 फरवरी। हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि तिगरी खालसा से बीड अमीन तथा तिगरी खालसा से सलारपुर तक सड़कों का निर्माण कार्य जल्द किया जाएगा।
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने गांव तिगरी खालसा का दौरा किया। इस दौरे के दौरान उन्होंने गांववासियों से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने तिगरी खालसा से अमीन को जोड़ने वाली लंबित सड़क निर्माण कार्य का मुद्दा प्रमुखता से उठाया, जो लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ था।
श्री सुभाष सुधा ने मौके पर उपस्थित संबंधित विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि उक्त सड़क का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर 10 दिनों के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में हो रही कठिनाइयों से शीघ्र राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी और जनता की सुविधाओं से जुड़े कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश देने पर उनका आभार व्यक्त किया और आशा जताई कि अब यह कार्य जल्द ही पूरा हो जाएगा।












