कुरुक्षेत्र के विकास कार्यों को निर्धारित अवधि में पूरा करने के साथ निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर रखना होगा फोक्स:नवीन जिंदल

0
12
naveen-jindal
naveen-jindal

संपादक विक्रम सिंह
एलिवेटिड रेल ट्रैक से संबंधित अधिकारी को शो कॉज नोटिस जारी करने के दिए निर्देश, विकास कार्यों को अधर में छोडऩे वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई, पानी की एक-एक बूंद को बचाने के लिए सिंचाई विभाग के अधिकारी तैयार करें प्रस्ताव, सडक़ों से अतिक्रमण हटाने और फसल अवशेषों के साथ-साथ कचरे को आग लगाने वालों के खिलाफ पुलिस करे सख्त कार्रवाई, सांसद नवीन जिंदल ने दिशा की बैठक में योजनाओं की समीक्षा की
कुरुक्षेत्र, 27 मार्च
। लोकसभा सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि कुरुक्षेत्र के विकास कार्यों को निर्धारित अवधि के अंदर पूरा करने के साथ-साथ निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष फोकस रखना होगा। अगर निर्माण कार्य को अधर में छोड़ा तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। इस सीएम सिटी के हर विषय को अधिकारी गंभीरता से लें और लोगों की सेवा करके अपने कर्तव्य को पूरा करें।
सांसद नवीन जिंदल शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी कमेटी की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पहले उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने दिशा की बैठक के एजेंडों पर विस्तार से प्रकाश डाला और जिला परिषद के सीईओ शंभू राठी ने विभागों द्वारा किए गए कार्यों की प्रगति रिपोर्ट को प्रस्तुत किया। सांसद नवीन जिंदल ने सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता मनीष बब्बर की रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिए कि कुरुक्षेत्र जिले में आगामी 10 वर्षों में पीने के पानी का संकट ना आए इसलिए अभी से ही पानी को बचाने के लिए एक प्रस्ताव तैयार किया जाए। इसके साथ ही हर साल शाहाबाद मारकंडा के क्षेत्र के आसपास बाढ़ के पानी से बचाने की योजना तैयार की जाए, ताकि आने वाले समय में लोगों को बाढ़ के पानी की मार से बचाया जा सके।
सांसद नवीन जिंदल ने कचरे में आग लगाने के विषय को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल अवशेषों और कचरे में आग लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि सडक़ों पर अतिक्रमण करने और गाड़ियों को पार्क करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। सांसद नवीन जिंदल ने निर्देश दिए कि दिशा की बैठक में विभाग का मुख्य अधिकारी मौजूद रहे, ताकि योजनाओं की समीक्षा की जाए। अगर अधिकारी बिना बताए गैर हाजिर रहा तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं सांसद ने दिशा की बैठक में बिना बताए गैर हाजिर रहने पर रेलवे एलीवेटेड ट्रैक से संबंधित अधिकारी के खिलाफ शो कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
सांसद नवीन जिंदल ने स्पष्ट कहा कि कुरुक्षेत्र को स्वच्छता और विकास की दृष्टि से पूरे देश में जाना जाए इस उद्देश्य को जहन में रखकर अधिकारी काम करेंगे। सभी अधिकारियों को उनके अपने-अपने विभागों से सम्बन्धित विकास कार्यों और योजनाओं का भली भांति पता है इसलिए अधिकारी स्वयं विकास कार्यों को निर्धारित समय अवधि के अंदर पूरा करने के साथ-साथ निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष फोकस रखेंगे।
सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि जिले के सभी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में इंग्लिश लर्निंग कोर्स पर काम किया जाए, सभी स्कूलों में पर्याप्त मात्रा में कमरे हो और शौचालयों की अच्छी व्यवस्था होनी चाहिए। प्रथम सर्वे के अनुसार जिला के प्राइमरी स्कूल सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्कूलों का इंफ्रास्ट्रक्चर, पानी, बिजली, लाइब्रेरी व शौचालय की उचित व्यवस्था हो। सभी सरकारी स्कूलों में हर लिहाज की सुविधाएं हों। उन्होंने कहा कि  कुरुक्षेत्र को खेलों का हब बनाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए सबसे पहले कुरुक्षेत्र के सभी खेल स्टेडियम में बेसिक जिम बनाई जाएगी।
सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि किसी भी बिल्डिंग या मार्ग को निर्माण उस क्षेत्र के विकास को दर्शाता है। इस कार्य को करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को बहुत मेहनत करनी पड़ती है। ऐसे कामों को करने में क्वालिटी का विशेष ध्यान रखना चाहिए। गांव बसंतपुर की आईटीआई बिल्डिंग, बाबा बंदा सिंह बहादुर गेट शाहाबाद के निर्माण को जल्द ही पूरा करने के निर्देश दिए। सांसद नवीन जिंदल को अधिकारियों ने बताया कि सडक़ों की ठोल से कुरुक्षेत्र, मुर्तजापुर से चन्नारहेड़ी को अप्रैल माह में पूरा किया जाएगा। पिहोवा से अरुणाय मार्ग का कार्य पूरा हुआ और जून महीने तक पिहोवा से पटियाला मार्ग के निर्माण को पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही शहर के वीआईपी रोड के निर्माण का कार्य भी शुरू किया जा चुका है। सांसद नवीन जिंदल ने धान के सीजन में आगजनी की घटनाओं को रोकने के बेहतर प्रयास करने पर कृषि विभाग उप निदेशक डा.कर्मचंद की तारीफ की।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, एडीसी विवेक आर्य, एसडीएम अनुभव मेहता, एसडीएम अनिल दून, डीएमसी अमन कुमार, सीईओ केडीबी पंकज सेतिया, सीईओ जिला परिषद शंभू राठी, जिला परिषद चेयरपर्सन कंवलजीत कौर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here